कपकोट में बदियाकोट के भगवती मंदिर में अनुष्ठान करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। बदियाकोट के विख्यात भगवती मंदिर का पुनर्निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद अनुष्ठान के साथ मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया है। बदियाकोट का भगवती मंदिर कुमाऊं का अकेला ऐसा मंदिर है, जहां मां भगवती के साथ तिब्बतियों के हूण देवता और लाटू देवता की पूजा होती है। हाल में स्थानीय जनसहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया है। शनिवार को मंदिर में यज्ञ, हवन के पश्चात विधिविधान से पूजा-अर्चना की गई।
मंदिर के मुख्य पुजारी धामी मंगल सिंह, देव सिंह दानू, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने हवन किया। पुरोहित चंद्रशेखर जोशी ने धार्मिक अनुष्ठान कराए। कालू और बदियाकोट के ग्रामीणों ने मंदिर में 111 किलो वजन की घंटी चढ़ाई। कपकोट के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से मंदिर के अवशेष कार्यों को पूरा कराने के लिए 60 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने 2.50 लाख, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने 3.75 लाख, कालू की प्रधान पुष्पा दानू और बदियाकोट की प्रधान सोनू दानू ने दो-दो लाख रुपये मंदिर के सुंदरीकरण के लिए देने की घोषणा की।