क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, पानी, सड़क, खाद्यान्न आदि की समस्याएं छाई रहीं। बैठक में लीती रिठकुला पेयजल योजना के फिल्टर में बंदरों के मरने का मामला भी जोरशोर से उठा। विधायक ललित फर्स्वाण ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाने के निर्देश दिए।
ब्लाक सभागार में प्रमुख मनोहर राम की अध्यक्षता बैठक शुरू होने से पहले बीडीओ बीसी पंत ने पिछली कार्रवाई का वाचन किया। सदन ने कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में ईमानदारी से काम करने को कहा।
विधायक ललित फर्स्वाण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सदन में निकली समस्याओं का तत्परता से निराकरण करें। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह संबंधित योजनाओं का समय-समय पर निरीक्षण कर शासन की योजनाओं का लाभ जनजन तक पहुंचाने को कहा।
कृषि विभाग के कार्यों की चर्चा के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानों ने लाभार्थियों को किसान पेंशन न मिलने, बंदरों और जंगली जानवरों से कृषि, उद्यान और शाकभाजी को हो रहे नुकसान का समाधान करने की मांग की।
पूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान कई प्रधानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में राशन कार्ड के अनुसार राशन और मिट्टी तेल न मिलने की शिकायत की। डीएसओ ने कंट्रोल की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। कई बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने कहा कि उनके क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बीमा कार्ड नहीं बने हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि बीमा कार्ड बनकर वितरित कर दिए हैं जो कार्ड गलत बने थे उन्हें ठीक कराकर जल्दी बांट दिए जाएंगे। उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सभी केंद्रों पर कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध हैं। प्रधानों ने स्कूलों में रिक्त शिक्षकों के पद शीघ्र भरनेे की मांग की।
सीईओ ने बताया कि शासन ने क्षेत्र के पांच विद्यालयों को मॉडल स्कूल घोषित किया है। बैठक में सदस्यों ने पीएमजीएसवाई की गोगिना सड़क की दुर्दशा का मामला जोरशोर से उठाया। प्रमुख ने पेयजल संस्थान की लीती रिठकुला पेयजल योजना के फिल्टर में पिछले दिनों बंदरों के मरने के मामले को उठाया।
उन्होंने कहा कि फिल्टर की बेरिकेडिंग और वहां सुरक्षा के इंतजाम न होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। मामले में विभागीय अभियंता चुप्पी साधे रहे। ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख हरीश शाही ने लघु डाल खंड की सिंचाई पंपिंग योजना का मामला उठाया।
बीडीसी सदस्य शेर सिंह बिष्ट ने दोबाड़ में एएनएम सेंटर खोलने, जिला पंचायत सदस्य भागीरथी देवी और बीडीसी सदस्य महिपाल दानू ने किसानों को सूखा राहत न मिलने की शिकायत की। सदन में सिंचाई, समाज कल्याण, उद्योग, बिजली, लोनिवि, पीएमजीएसवाई और पशुपालन आदि की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
वहां जिला विकास अधिकारी डा. महेश कुमार डीपीआरओ पूनम पाठक, पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।