बागेश्वर। राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम को सशक्त करने के लिए जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के तहत विभाग पहले नसबंदी कराने वाले 26 पुरुषों को दो-दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगा।
सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने बताया कि परिवारों की भलाई और एक मजबूत, संतुलित समाज के निर्माण के लिए पुरुषों की सार्थक और समान भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
यहां सरल, सुरक्षित और प्रभावी तरीका नो-स्केलपेल वेसेक्टॉमी के प्रति जागरूकता बढ़ाकर इससे जुड़े मिथकों को पूरा किया जाएगा। जिले में अभियान को दो मुख्य चरणों में बांटा गया है पहला चरण 21 से 27 नवंबर तक संचालित किया गया।
इसमें एएनएम, आशा और जनप्रतिनिधियों ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। दूसरे चरण में शुक्रवार से 4 दिसंबर तक नसबंदी की जाएगी। ब्लॉक बागेश्वर में माह के प्रत्येक शुक्रवार को, ब्लॉक कपकोट में प्रत्येक मंगलवार को और ब्लॉक गरुड़ में प्रत्येक बृहस्पतिवार को नसबंदी ऑपरेशन सुनिश्चित किए जाएंगे। अन्य दिनों में आने वाले मामलों के लिए जिला चिकित्सालय में कार्यरत शल्यक टीम से संपर्क कर सर्जरी कराई जा सकती है।