बागेश्वर के बागनाथ धाम में शिवलिंग का घी से श्रृंगार करते पुजारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागनाथ के शिवलिंग ने घी का आवरण ओढ़ लिया है। शनिवार की सायंकाल सात किलो घी से शिवलिंग को आच्छादित किया गया। एक महीने तक भोलेनाथ इसी रूप में भक्तों को दर्शन देंगे। फाल्गुन महीने की पहली तिथि को लिंग से घी को हटाया जाएगा।
बागनाथ मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल ने बताया कि पौराणिक कथाओं के अनुसार माना जाता है कि मकर संक्रांति के बाद से एक महीने के लिए भगवान शिव गुफा में जाकर तपस्या करते हैं। इस दौरान शिवलिंग को भी घी का आवरण पहनाया जाता है। हालांकि इस रूप में भी भक्तजन पूर्व की तरह बाबा के दर्शन और पूजा अर्चना कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते पिछले साल अधिकांश समय मंदिर भक्तों के लिए बंद था। मकर संक्रांति के बाद से सुबह पांच से सायंकालीन आरती तक मंदिर खोला जा रहा है। भक्तजन किसी भी दिन इस समय पर आकर भगवान शिव के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि एक महीने बाद शिवलिंग से घी का आवरण हटाया जाएगा। इस मौके पर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष राजा साह गंगोला, प्रधान सेवक खीमानंद पंत आदि मौजूद रहे। (संवाद)