बागेश्वर। कपकोट के बघर गांव के राष्ट्रीय मुक्केबाज हिमांशु दानू ने बड़ी सफलता हासिल की है। उन्हें आयरलैंड के एडेंडरी बॉक्सिंग क्लब में प्रशिक्षण के लिए भारतीय टीम में जगह मिल गई है। जहां वह देश के अन्य 19 खिलाड़ियों के साथ सात फरवरी तक प्रशिक्षण हासिल करेंगे।
प्रकाश दानू और शोभा देवी के पुत्र हिमांशु ने बॉक्सिंग की बारीकियां अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच सुंदर गढि़या सी सीखीं। कोच गढि़या ने बताया कि हिमांशु ने सैनिक हाईस्कूल बागेश्वर से प्रारंभिक, एआईसी अल्मोड़ा से हाईस्कूल की शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वह जीआईसी तिलाड़ी, कपकोट में 11वीं के छात्र हैं। वर्तमान में वह एसटीसी काशीपुर से प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोहतक, हरियाणा में भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से आयोजित एक महीने के शिविर में उनका चयन हुआ था। इस दौरान हिमांशु ने देशभर के मुक्केबाजों को हराकर अंतरराष्ट्रीय शिविर में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण हासिल करने का मौका बनाया। कोच मुकेश बेलवाल और सिकंदर पटेल के नेतृत्व में गई टीम के साथ वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग लेंगे। संवाद