बागेश्वर में बंद पड़ा अल्टरासाउंड कक्ष।
- फोटो : Amar Ujala
बागेश्वर। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने से लोग परेशान हो गए हैं। अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल आईं गर्भवती महिलाओं ने अस्पताल में शीघ्र रेडियोलॉजिस्ट तैनात करने की मांग की है। अस्पताल में सोमवार से अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। बुधवार को करीब 35 लोगों को बिना अल्ट्रासाउंड कराए अस्पताल से घर लौटना पड़ा।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएस टोलिया को करीब दो माह पूर्व जिला अस्पताल का मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया। उन्होंने स्वास्थ्य निदेशालय के आदेश पर अल्ट्रासाउंड करना जारी रखा। सीएमएस के पास इन दिनों कोविड इंचार्ज का भी दायित्व आ गया है। उनका कहना है कि सीएमएस, कोविड इंचार्ज की जिम्मेदारी के साथ रेडियोलॉजिस्ट का कार्य करना संभव नहीं है। तीन दिन बीतने के बाद भी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं की गई है।
--::- कोट :: अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल पहुंची मंडलसेरा की रूचिका जोशी ने बताया कि वह गर्भवती हैं। अस्पताल आकर पता चला कि अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को शीघ्र रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करनी चाहिए।
-::-
कपकोट से आई पुष्पा रावत ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड नहीं होना पेरशानी का कारण बन रहा है। वह गर्भवती महिला हैं। बुधवार सुबह जिला अस्पताल पहुंची तो अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लगा था।
-::-
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए आई आरे की जानकी देवी ने कहा कि वह दो सप्ताह पूर्व जब अल्ट्रासाउंड के लिए आई थी तो उन्हें दो सितंबर को आने को कहा गया लेकिन अस्पताल आकर पता चला कि यहां अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं।