शासन ने बागेश्वर, कपकोट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मोटर मार्गों, पैदल पुल, झूलापुलों के निर्माण के लिए 37.26 लाख रुपये की वित्तीय, प्रशासनिक स्वीकृति दी है। नवस्वीकृत मोटर मार्गों के तहत ब्लाक गरुड़ के गढ़खेत ग्राम पंचायत में 17 किमी लंबी सड़क का निर्माण होगा।
इसके लिए उत्तराखंड शासन के अपर सचिव अरविंद सिंह हयांकी की ओर से शासनादेश जारी हो चुका है। उनकी ओर से प्रमुख अभियंता लोनिवि को भेजे पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 63 घोषणाआें की एवज में शासन ने वित्तीय, प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
सीएम रावत ने प्रमुख अभियंता लोनिवि से स्वीकृत योजनाओं की सभी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। नवस्वीकृत योजनाओं के तहत शासन ने गरुड़ ब्लाक के जाख में खीरी नामक स्थान पर 40 मीटर स्पान का पैदल पुल मंजूर किया है।
गढ़खेत ग्राम पंचायत के सोलिया बजियानी से मैजुलिया तक पांच किमी मोटर मार्ग, मल्ला गढ़खेत से तल्ला गढ़खेत तक चार किमी सड़क, छानीसेरा, दाड़िमखेत के मध्य झूलापुल, ढुकुरा से सेलकोना तल्ला गढ़खेत तक 8 किमी सड़क, घांघली नदी में ग्राम मवई, वज्यूला, अमस्यारी, घेटी, भिलकोट के मध्य 80 मीटर झूला पुल, टिटोली से बूंगा तक दो किमी सड़क, ग्राम अमस्यारी से बूंगा तक पांच किमी सड़क, ढुकरा सेलकोना गढ़खेत 15 किमी मोटर मार्ग, फटगली धमोली, मालूझाल ओखलसौ 10 किमी मोटर मार्ग की स्वीकृति दी है।
निर्माण कार्य स्वीकृति कराने के लिए ब्लाक प्रमुख भरत फर्स्वाण, जिंप उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, जिपं सदस्य जितेंद्र मेहता, गढ़खेत के बीडीसी सदस्य गोपाल सिंह नेगी ने सीएम रावत, कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण का आभार जताया है।
गढ़खेत के बीडीसी सदस्य और पूर्व प्रधान गोपाल सिंह नेगी बताया कि गढ़खेत क्षेत्र के हर राजस्व गांव को सड़क से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने पर सरकार ने ग्रामीणों का दिल जीता है। इस खुशी में ग्रामीणों ने गांव में आतिशबाजी की। इसके लिए जल्द ही क्षेेत्र के लोग सीएम रावत को गांव बुलाकर जल्द उनका भव्य स्वागत करेंगे।