बागेश्वर/कपकोट। जिले के कपकोट क्षेत्र में हो रही भारी बारिश का कहर सड़कों पर टूट रहा है। भूस्खलन के कारण सड़कों पर यातायात बाधित होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। वाहन मालिकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सोमवार रात भी क्षेत्र में जमकर बारिश होने से सुबह तक 15 सड़कें भूस्खलन की चपेट में आ गईं। मलबा गिरने से कपकोट-कर्मी, हरसीला-सीमा, उतरौड़ा-लीली, पोलिंग-गैरखेत, बदियाकोट-बोरबलड़ा, बदियाकोट-कुंवारी, चीराबगड़-पोथिंग, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर, बागेश्वर-कपकोट, खड़लेख-भनार, धरमघर-सनगाड़, कमेड़ीदेवी-स्यांकोट, मुनार-गांसी, चेटाबगड़ और सीरी सड़कों पर यातायात बाधित हो गया था।
संबंधित विभागों की जेसीबी मशीनों की मदद से पूरे दिन सड़कों को खोलने का काम चलता रहा। शाम तक 11 सड़कों पर यातायात सुचारु करा दिया गया। नामतीचेटाबगड़, कपकोट-पिंडारी, बदियाकोट-बोरबलड़ा, मुनार-गासी सड़काें पर अब भी यातायात बाधित है। वाहन चालकाें को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बदहाल सड़कों पर वाहन संचालन करने से वाहनों को नुकसान हो रहा है।
इधर जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारी बारिश से कपकोट के चचई गांव में लछीमा देवी पत्नी खुशाल राम, गरुड़ के गनीगांव में भूपेंद्र सिंह पुत्र खड़क सिंह, लमचूला में भवानी देवी पत्नी नैन राम के घरों के आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। काफलीगैर के बिलौरी में मोहन राम पुत्र धनी राम का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।