बागेश्वर की महिला सेना अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। जिले के लेटीगांव की होनहार बेटी किरन दयाराकोटी ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले का मान बढ़ाया है। गांव की बेटी के सेना में अधिकारी बनने से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। लेटीगांव निवासी कैप्टन दीवान सिंह दयाराकोटी का परिवार वर्तमान में जयपुर में रहता है।
कैप्टन दीवान सिंह के पिता पान सिंह ने भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा की। अपने दादा और पिता से प्रभावित उनकी बेटी किरन दयाराकोटी का सपना बचपन से ही आर्मी में भर्ती होकर देश सेवा करने का रहा।
किरन ने देहरादून से 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद जयपुर से बीटेक किया। होनहार किरन ने इंजीनियरिंग करने के बाद सिविल सेक्टर में नौकरी करने के बजाय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की ठानी। वर्ष 2015 में उनका चयन ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) चेन्नई के लिए हुआ।
जहां से ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह पासआउट होकर सेना में लेफ्टिनेंट बन गई। किरन को चंडीगढ़ में तैनाती मिली है। पैराग्लाइडिंग सहित कई साहसिक खेलों में किरन ने गोल्ड मेडल भी जीते हैं। किरन के सेना में अफसर बनने पर उनके गांव लेटी में खुशी का माहौल है। गांव के पूर्व प्रधान धन सिंह दयाराकोटी ने बताया कि किरन के गांव आने पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। ब्यूरो