बागेश्वर। जिले में 45 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण अभियान एक बार फिर से सुस्त पड़ गया है। टीकों की कमी के चलते 44 में से केवल नौ सेशन साइटों पर ही टीकाकरण का काम चल रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार से टीकाकरण के पटरी पर लौटने की उम्मीद जताई है।
जिले में अलग-अलग केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य चल रहा है। 18 से 44 वर्ष वालों के लिए चार सेशन साइट बनाई गई हैं। इनमें प्रतिदिन एक हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। 45 और 60 वर्ष के लोगों के लिए तीनों विकास खंडों में केंद्र बनाए गए हैं। शुरूआत में 26 केंद्रों में टीके लग रहे थे। टीके की उपलब्धता के बाद पहले 29 फिर 44 केंद्रों में टीकाकरण किया जाने लगा। हालांकि एक बार फिर से टीके की कमी के चलते टीकाकरण का कार्य सिमट गया है। पूर्व में जहां ढाई हजार से अधिक लोगों को टीके लग रहे थे, वह घटकर ढाई सौ के करीब रह गए हैं। टीकों की कमी के कारण दूरदराज के केंद्रों में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले को कोरोना के पांच हजार टीके मिल गए हैं, जिन्हें लेने के लिए वाहन भेज दिया गया है। शुक्रवार सुबह तक सभी टीकाकरण केंद्रों में टीके पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। - डॉ. बीडी जोशी, सीएमओ बागेश्वर।