बागेश्वर। पीजी कॉलेज बागेश्वर में छात्रसंघ चुनाव के लिए पांच अक्तूबर को मतदान होगा। इस चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। सात पदों पर 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। अध्यक्ष, सचिव सहित सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने कॉलेज के गेट तक ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन किया।
अध्यक्ष पद पर मनीष कुमार, दीपक सिंह गस्याल, उपाध्यक्ष में हरीश सिंह राठौर, बसंत बल्लभ पंडा, सचिव के लिए रोशन सिंह गढ़िया, प्रियंका, संयुक्त सचिव के लिए राजेंद्र सिंह दानू, रोहित टम्टा, छात्रा उपाध्यक्ष में प्रेमा, दीपा कांडपाल, कोषाध्यक्ष में संदीप जोशी, दीपक प्रसाद, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि में कुलदीप डंगवाल, कामाक्षा ने नामांकन किया।
चुनाव प्रभारी डॉ. शरद भट्ट की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। शनिवार को नामांकन के लिए महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुबह से ही काफी गहमागहमी रही। इसके बाद अध्यक्ष, सचिव सहित प्रमुख दलों के उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच जुलूस की शक्ल में कॉलेज पहुंचे।
नामांकन में बड़ी संख्या में छात्राएं भी अपने प्रत्याशियों के समर्थन को पहुंची। कॉलेज गेट के भीतर केवल छात्र-छात्राओं को ही प्रवेश करने दिया गया। सख्ती के चलते कोई भी बाहरी समर्थक कॉलेज में नहीं जा सका। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।
चुनाव प्रभारी डॉ. शरद भट्ट ने बताया कि तीन अक्तूबर को छात्र सम्मेलन होगा। पांच अक्तूबर को मतदान होगा। उसी दिन मतदान के बाद मतगणना और विजेता प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।