शनिवार को भी जिले के बैंकों में पांच सौ और एक हजार रुपए के नोट जमा करने वालों की भारी भीड़ जुटी। एसबीआई सहित पूरे जिले के बैंकों में लगभग 20 करोड़ रुपए के नोट जमा होने का अनुमान है। एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और पीएनबी के एटीएम से रुपए निकालने के लिए दिन भर लोगों की भीड़ जुटी रही।
शनिवार को जिले में लगभग 40 लाख रुपए की करेंसी पहुंच गई है। सोमवार से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। जनपद में तीसरे दिन भी बैंकों में सुबह से ही लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। नगर के एसबीआई, पीएनबी, अल्मोड़ा अर्बन बैंक, नैनीताल बैंक, सहकारी बैंक, आईडीबीआई सहित सभी बैंकों में लोगों की भीड़ लगी रही। बागेश्वर एसबीआई की मुख्य शाखा में शनिवार को पांच सौ व एक हजार के आठ करोड़ रुपए जमा हुए। पीएनबी में 40 लाख के नोट जमा हुए।
बैंक मैनेजर सोबन सिंह नपलच्याल ने बताया कि शनिवार को एक्सचेंज अधिक हुआ है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में बैंक में पांच सौ व एक हजार के 1.60 करोड़ रुपए जमा किए जा चुके हैं। उधर कांडा एसबीआई में पिछले तीन दिनों से रुपए जमा कराने वालों का तांता लग रहा है। शनिवार को भी बैंक में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात करनी पड़ी। कपकोट, कौसानी व अन्य क्षेत्र के बैंकों में भी शाम पांच बजे तक लेनदेन का काम चलता रहा।
बागेश्वर नगर में शनिवार को एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और पीएनबी के एटीएम से रुपए निकले। एटीएम से पैसे निकालने के लिए लोगों की दिन भर कतार लगी रही। बागेश्वर एसबीआई के मुख्य प्रबंधक रमेश पतियाल ने बताया कि शनिवार को लगभग 40 लाख रुपए की करेंसी पहुंच गई है। सोमवार से एटीएम से दो हजार रुपए के नए नोट भी निकलने शुरू हो जाएंगे।