मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बागेश्वर में एक अरब 30 करोड़ 13 लाख 26 हजार रुपये की 48 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने बागेश्वर नगर में सीवर लाइन, बहुली में खेल स्टेडियम और बागनाथ और बैजनाथ की धर्मशालाओं में रखी मूर्तियों के लिए संग्रहालय बनाने सहित तमाम घोषणाएं कीं।
नुमाइशखेत मैदान में मुख्यमंत्री ने 6290.29 लाख की योजनाओं का लोकार्पण और 6722.97 लाख की योजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम ने बागेश्वर में सीवर लाइन, खेल स्टेडियम, बागेश्वर एवं बैजनाथ में धर्मशाला और संग्रहालयों का निर्माण, गरुड़ में ग्रामीण बैंक, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निर्माण, रोडवेज बस डिपो, छतीना में पेयजल योजना निर्माण, सरयू घाट निर्माण, कपकोट में राशन गोदाम के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला जिला है, जहां उन्होंने एक अरब से अधिक की लागत वाली योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं हवाई घोषणा नहीं करता हूं। उन्होंने बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास और कपकोट के विधायक बलवंत भौर्याल के मांग पत्रों के संबंध में कहा कि देहरादून लौटकर इस पर मनन करेंगे और उत्तरायणी मेले में योजनाओं की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने जिले के दूरस्थ और संचार सुविधा से वंचित गांवों को मोबाइल कनेक्टिविटी के लिए बैलून पद्धति से संचार सेवा से जोड़ने की बात कही।
दिव्यांगों को उपकरण और किसानों को चेक बांटे
बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नुमाइशखेत में दिव्यांगों को उपकरण बांटे। उन्होंने 37 दिव्यांगों को ह्वील चेयर सहित 105 सहायक उपकरण प्रदान किए। इसके अलावा 1437 लाभार्थियों को 7.5 करोड़ के ऋण वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब किसान ऋण लेकर आजीविका चला सकता है। उन्होंने आजीविका के लिए अधिक महिलाओं के आवेदन करने पर इसे गर्व की बात बताया। कहा कि शीघ्र ही प्रदेश के किसानों के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाया जाएगा।
लोकार्पण
विभाग का नाम योजनाओं की संख्या स्वीकृत धनराशि
जल संस्थान 02 917.00 लाख
विश्व बैंक लोनिवि 09 3924.33 लाख
शिक्षा विभाग 11 616.04 लाख
लोनिवि कपकोट 03 414.20 लाख
लोनिवि बागेश्वर 01 418.72 लाख
कुल 26 योजनाएं 6290 लाख रुपये
शिलान्यास
पेयजल निर्माण निगम 01 915.23 लाख
लोक निर्माण विभाग 13 1441.36 लाख
पशुपालन विभाग 01 25.68 लाख
विश्व बैंक खंड लोनिवि 02 1661.13 लाख
पीएमजीएसवाई 05 2679.57 लाख
कुल 22 योजनाएं 6722.97 लाख रुपये