बागेश्वर के बागनाथ वार्ड में उखड़े टायल्स। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगरपालिका ने बागनाथ वार्ड में खराब गुणवत्ता के चलते रास्ते के पुनर्निर्माण कार्य का भुगतान रोक दिया है। ठेकेदार को नोटिस भेज दिया है। पालिका के ईओ राजदेव जायसी ने बताया है कि राज्य वित्त आयोग के तहत 5.70 लाख रुपये की लागत से बागनाथ वार्ड में गली के रास्ते का पुनर्निर्माण किया गया है। बताया कि जांच में कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। टाइल्स के बीच में खाली स्थान छोड़ा गया है। कई जगह टाइल्स की पैकिंग सही नहीं की गई है। निर्माण कार्य में लगाए गए चैंबरों के कोने भी क्षतिग्रस्त हैं। ईओ के अनुसार निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता पाई गई है। टाइलों की गुणवत्ता जांचने के लिए लैब टेस्टिंग की जाएगी। ठेकेदार को नोटिस भेजकर टाइलों के बीच के खाली स्थान को भरकर उचित पैकिंग करने और क्षतिग्रस्त चैंबरों को ठीक करने के लिए कहा गया है। अन्यथा ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।