बागेश्वर। एसपी रचिता जुयाल ने प्रवासियों के प्रति लोगों की शंकाओं को दूर किया। बताया कि कोरोना संक्रमित इलाकों से किसी भी व्यक्ति को जिले में लौटने की इजाजत नहीं है। जिला पुलिस बाहरी प्रदेशों से घर लौट रहे लोगों की हल्द्वानी से बागेश्वर तक कई चरणों में जांच कर रही है।
एसपी जुयाल ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि बाहरी प्रदेशों से घर लौट रहे प्रवासियों को लेकर लोगों की चिंता नहीं करनी चाहिए। कहा कि कोरोना प्रभावित इलाकों से किसी को भी जिले में आने की इजाजत नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य की सीमा पर इन लोगों के स्वास्थ्य जांच से संबंधी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। राज्य की सीमा के साथ ही हल्द्वानी और बागेश्वर के झिरौली, बिलौना में भी इन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके लिए जिले की पुलिस टीम हल्द्वानी में भी तैनात है।
बाहर से लौटे लोगों के फोन सर्विलांस पर लगाए गए हैं। पुलिस फोन के जरिए लगातार इन लोगों के संपर्क में है। कहा कि किसी भी व्यक्ति को बाहर से लौट रहे लोगों के बारे में कोई शंका हो तो पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 में सूचना दे सकता है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
4184 में से 1456 ने पूरी की होम क्वारंटीन की अवधि
बागेश्वर। एसपी ने बताया कि जिले में मार्च से 4184 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 1456 लोगों ने होम क्वारंटीन की 14 दिन की अवधि पूरी कर ली है। जिले के विभिन्न स्थानों में मौजूद 22 विदेशी सैलानियों ने भी 28 दिन होम क्वारंटीन की अवधि पूरी कर ली है।
बंगाली पर्यटकों की घर वापसी आदेश मिले
बागेश्वर। एसपी रचिता जुयाल ने बताया कि कौसानी में 128 बंगाली पर्यटक लॉकडाउन के बाद से रुके हैं। इनमें से 32 लोगों के घर वापसी के आदेश मिल गए हैं। शुक्रवार से इन लोगों की रवानगी भी शुरू हो गई है। शेष के आदेश मिलने के बाद उन्हें भी उनके मूल स्थानों को भेजा जाएगा।