बागेश्वर। त्योहारी सीजन में लोग वाहन की खरीदारी के लिए पहुंचने लगे हैं। नवरात्र, धनतेरस और दिवाली पर नए वाहन खरीदने को शुभ मानने की परंपरा के चलते वाहन कारोबारियों को अच्छी बिक्री की आस है। कारोबारियों ने मूल्यों के अनुसार वाहनों के ऑफर भी निर्धारित किए हैं।
वाहन कारोबारी हरीश चंद्र बताते हैं कि इन दिनों ग्राहक दोपहिया वाहनों के अलग-अलग मॉडलों की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। लोग वाहन खरीदने से पहले उसकी कीमत, माइलेज, फीचर्स और किस्तों की जानकारी पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मूल्यों के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये तक का ऑफर दिया जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि वाहन खरीदने के लिए ग्राहक अब माइलेज, कीमत, रखरखाव और आधुनिक फीचर्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। हालांकि, वाहन की कीमत और आर्थिक स्थिति भी खरीदारी के फैसले को प्रभावित करती है। कई ग्राहक त्योहारों के दौरान मिलने वाले ऑफर और फाइनेंस सुविधाओं की जानकारी लेने के बाद ही खरीदारी तय करते हैं।
त्योहार का शुरुआती सीजन चल रहा है। खरीदारी करने पर ग्राहकों को ऑफर भी दिए जा रहे हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वाहन पसंद कर रहे हैं। दिवाली तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है। -हरीश चंद्र जोशी, कारोबारी
ग्राहक अब वाहन खरीदने से पहले माइलेज, रखरखाव और फाइनेंस की सुविधा की जानकारी ले रहे हैं। त्योहारों के अवसर पर ऑफर भी दिए जाएंगे। उम्मीद है कि धनतेरस के आसपास कारोबार में तेजी आए।
- तरुण खेतवाल, कारोबारी
त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी ग्राहक केवल वाहनों के मूल्यों की जानकारी के लिए ही पहुंच रहे हैं। -विनोद ऐठानी, कारोबारी