बागेश्वर। युवा कल्याण विभाग की पहल पर आयोजित खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी की प्रतियोगिताएं कपकोट और बागेश्वर में चरम पर है। इनमें खिलाड़ी बखूबी से अपना दमखम दिखा रहे हैं।
बागेश्वर में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले गए। 60 मीटर में गरिमा गोस्वामी प्रथम, तानिया द्वितीय और खष्टी आर्या तृतीय स्थान पर रहीं। 600 मीटर दौड़ में हर्षिता परिहार प्रथम, भव्या तिवारी द्वितीय और प्रतिभा तृतीय रहीं। लंबी कूद में हर्षिता परिहार ने पहला, दिव्या ने दूसरा और यक्षिका पपोला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में दिव्या प्रथम, बबली द्वितीय और भावना खेतवाल तृतीय रहीं।
गोला क्षेपण में अनिका प्रथम, तान्या द्वितीय और ललिता धपोला तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो में फल्यांटी, कबड्डी में बोहाला, वॉलीबाल में स्टेडियम, पिट्टू में गुरना, मुर्गा झपट में दीक्षा हरड़िया ने बाजी मारी। आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कोहली, गणेश धपोला, कुंदन सिंह कालाकोटी, महिपाल गढ़िया, सुंदर गढ़िया, प्रदीप गढ़िया, रेखा ऐठानी, देव सिंह कोरंगा, कविता खेतवाल, आनंद कोरंगा, नरेंद्र माजिला और गीता खड़ाई सहित खेल और शिक्षा विभाग के प्रशिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
कपकोट के केदारेश्वर में खिलाड़ियों दिखाई प्रतिभा
मिनी स्टेडियम में खेल महाकुंभ का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक सुरेश गढि़या ने किया। प्रतियोगिता में उत्तरौड़ा, कर्मी, असों, मांजखेत, शामा, दियाली, सूपी, लोहारखेत, बदियाकोट, भराड़ी और सिमगड़ी सहित 11 न्याय पंचायतों की टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन दिवस पर अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए, जिनके प्रथम स्थान प्राप्त विजेता खिलाड़ी अब सांसद स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
इसके तहत 60 मीटर में कविता और भास्कर कोश्यारी प्रथम रहे। 600 मीटर में भास्कर कोश्यारी और खुशी ने बाजी मारी। लंबी कूद में गीता और नितिन रावत, ऊंची कूद में खुशी और कुनाल बाफिला अव्वल रहे। गोला क्षेपण में काजल कोरंगा और मयंक सिंह प्रथम स्थान पर रहे। खो-खो में बालिका वर्ग में होराली और बालक में उत्तरौड़ा, वॉलीबाल में बालिका असों और बालक लोहारखेत, पिट्टू में बालिका असों और बालक भराड़ी, कबड्डी में बालक वर्ग में उत्तरौड़ा और बालिका वर्ग में लोहारखेत की टीम विजेता बनी। मुर्गा झपट के बालिका वर्ग में जिया मेहता, प्रियंका, पूजा मेहता और रियांशी प्रथम रहीं। बालक वर्ग में गौतम कोरंगा, दीपक खाती, दीपक, प्रकाश और योगेश सिंह कपकोटी ने पहला स्थान पाया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप खंकरियाल, हरीश कपकोटी, सुरेश राठौर, गिरीश तिरुवा, गोपाल भंडारी आदि मौजूद रहे। संवाद