गरुड़ (बागेश्वर)। वनों को आग से बचाने में स्कूल के छात्र-छात्राओं की भूमिका अहम है। वनाग्नि सुरक्षा को लेकर हुई निबंध प्रतियोगिता में भावेश और चित्रा ने बाजी मारी। वन रेंजर ने प्रतियोगिता में अव्वल बच्चों को आकर्षक इनाम देकर सम्मानित किया।
खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज में हुई गोष्ठी में बैजनाथ के रेंजर श्याम सिंह करायत ने कहा कि वनों को आग से बचाने में छात्र-छात्राओं की अहम भूमिका है। रेंजर ने बच्चों को वनों में आग लगने से होने वाली क्षति के बारे में बताया।
वनों को आग लगाने वाले लोगों के नाम वन विभाग के कर्मचारियों को देने को कहा। उन्होंने कहा कि वनों में आग लगने से जंगली जानवरों का रुख आबादी की ओर हो जाता है। आग से जलस्रोत सूखने के साथ ही श्वांस, आंखों की बीमारी पैैदा हो जाती है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य कैलाश जोशी ने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने को कहा। निबंध प्रतियोगिता में भावेश, चित्रा अव्वल रहे। संचालन चंद्रशेखर बड़सीला ने किया। वहां उमेश जोशी, दीप तिवारी, भावना रावत, चंदन सिंह नारायण, प्रताप, भुवन आदि थे।