प्रदेश में चल रहे घटनाक्रम के बाद बागेश्वर में जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बागेश्वर नगर में एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।
प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद रविवार को शहर का परिदृश्य बदला नजर आया। शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस के जवान सुरक्षा इंतजामों में मुस्तैद नजर आए। एसबीआई तिराहे, सरयू पुल सहित नगर के अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के जवान दिन भर तैनात रहे।
एसपी एनएस नपलच्याल ने बताया कि एहतियात के तौर पर नगर में एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। डीएम भूपाल सिंह मनराल ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में एसडीएम को कानून व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। रविवार को इस दौरान एसडीएम फिंचा राम चौहान और सीओ धनी राम ने भी नगर में कानून व्यवस्था का निरीक्षण किया।