स्यांकोट में विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन क्षेत्रीय विधायक ललित फर्स्वाण और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी के आश्वासन पर खत्म हो गया।
जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तीनों अनशनकारियों को जूस पिलाया, उन्होंने सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
पतकन्या में डिग्री कालेज, एसबीआई शाखा खोलने और जीआईसी में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आंदोलित थे।
इसके लिए पतकन्या में आमरण अनशन चल रहा था। मोहन राम, त्रिलोक सिंह माहरा और विनोद पंत आमरण अनशन पर बैठे थे।
विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, एसडीएम फींचाराम चौहान और कांडा की एसडीएम रेखा कोहली सहित कई अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौके पर गए।
यहां विधायक ने बताया कि जीआईसी में नौ शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। इनमें से आठ कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। प्रधानाचार्य की भी नियुक्ति शीघ्र कर दी जाएगी।
विधायक ने कहा कि एसबीआई शाखा खोलने के संबंध में वह बैंक के चेयरमैन और वित्त मंत्रालय के स्तर पर संपर्क कर चुके हैं। यह मांग जल्दी पूरी हो जाएगी।
पतकन्या में डिग्री कालेज खोलने का प्रकरण उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इस मौके पर अध्यक्ष और एसडीएम ने भी विचार रखे।
आंदोलनकारियों ने आशा जताई कि आश्वासनों के मुताबिक सभी काम होंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों सहित आंदोलन में सहयोगी रहे ग्रामीणों का आभार जताया। जनप्रतिनिधियों और अघिकारियों ने तीनों को जूस पिलाकर उनका अनशन तोड़ा।
इस मौके पर कोतवाल हरक सिंह फिरमाल, उप मुख्य शृिक्षा अधिकारी प्रमोद तिवारी, कैलाश पाठक, सुंदर मेेहरा, खीम राम, कुंवर सिंह राठौर, शेर राम, मोहन राम, अर्जुन भट्ट ,मोहन चंद्र गोकुल प्रसाद, भूपाल सिंह राठौर, पूरन चंद्र, जीवन सिंह राठौर, पंकज जोशी, कुशल सिंह, राम सिंह भंडारी, खुशाल सिंह, योगेश कांडपाल, आदि उपस्थित थे।