बागेश्वर। बागेश्वर में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिले में एक और व्यक्ति में डेंगू के लक्षण मिले हैं। जिले में अब डेंगू के सक्रिय मामलों की संख्या चार हो गई हैं। इस पर डीएम ने जिम्मेदार महकमों की उदासीनता पर नाराजगी जताई है।
जिले में एक सप्ताह पहले डेंगू का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद 11 मामले सामने आ चुके हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अधिकतर मरीज बाहरी क्षेत्रों से आए हैं। वर्तमान में जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में चार लोग भर्ती हैं। इधर अस्पताल में लक्षण दिखने पर डेंगू की जांच कराने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
डीएम ने सीएमओ को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में बेड की संख्या बढ़ाने और वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए मच्छरदानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने पालिका के ईओ हयात सिंह को डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। मशीनों के साथ ही मैनुअल तरीके से नियमित फॉगिंग के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।