बागेश्वर। लंबे इंतजार और बार-बार के निवेदनों के बाद भी फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-खाईंधार सड़क का निर्माण शुरू न होने से सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया है। समिति के पदाधिकारियों ने डीएम और एसपी को 10 चरणों में आयोजित होने वाले उग्र आंदोलन की रूपरेखा का नोटिस सौंपकर अपनी रणनीति साफ कर दी है।
सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्ति कैप्टन रतन सिंह दानू और सचिव करम सिंह दानू ने बताया कि 13 जुलाई को गांव के सभी निवासी अपने घरों में रहकर बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। 14 जुलाई को अपने-अपने घरों में उपवास रखेंगे, 15 जुलाई को फुलवाड़ी पंचायत घर में एक दिवसीय धरना देंगे। 17 जुलाई को तहसील मुख्यालय कपकोट में धरना दिया जाएगा और उसी दिन स्थानीय विधायक का घेराव होगा।
19 जुलाई को कलक्ट्रेट में एक दिवसीय धरना देंगे, 20 जुलाई को कपकोट-कर्मी मुख्य मोटरमार्ग को जाम किया जाएगा। 21 जुलाई को क्षेत्र में व्यापक पोस्टर अभियान चलाया जाएगा। 23 जुलाई को तब तक कोई निर्णय नहीं हुआ, तो जिला मुख्यालय पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा। अगर सरकार नहीं चेती तो गांव के पूर्व सैनिक अपने देश सेवा के दौरान मिले मेडल्स और डेकोरेशन डीएम कार्यालय में जमा कर देंगे। 26 जुलाई को ग्रामीण जिला मुख्यालय पर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।