बागेश्वर में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने वन भूमि हस्तांतरण की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सैद्घांतिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताकर लोनिवि बागेश्वर के ईई संजय कुमार पांडेय का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि लंबित निर्माण कार्यों में गति आने के बाद ही ईई का वेतन आहरित किया जाएगा। उन्होंने बैठक में अधूरी जानकारी के साथ आने वाले अधिकारियों के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति करने की भी चेतावनी दी।
जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में डीएम ने डीएफओ से आगामी बैठक में कार्यदायी संस्थाओं से कराए जा रहे कार्यों का पूर्ण विवरण, ऑनलाइन प्रस्ताव, विधिवत स्वीकृति, एनपीबी जमा, कार्यो का कटान-छपान का पूरा विवरण उपलब्ध कराने आदि के निर्देश दिए। सीए लैंड के मामलों को संबंधित एसडीएम के साथ बैठक कर निस्तारित करने के निर्देेश दिए। डीएम ने 37 प्रस्तावों में मिली सैद्धांतिक स्वीकृति पर धीमी प्रगति से करने पर नाराजगी जताई। वहां एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, ईई लोनिवि संजय पांडे, ईई पीएमजीएसवाई अनिल कुमार थे।
50 स्वीकृत सड़कों पर 30 में मिली सैद्घांतिक स्वीकृति
बागेश्वर। लोनिवि ईई ने बताया कि उन्होंने 30 स्वीकृत सड़कों के लिए ऑनलाइन प्रस्ताव भेजे थे, जिसमें 30 पर सैद्घांतिक स्वीकृति मिल गई है। लोनिवि कपकोट ने 34 प्रस्तावों को ऑनलाइन किया था, 16 पर सैद्घांतिक स्वीकृति मिल गई है। ईई पीएमजीएसवाई ने बताया कि उनके ऑनलाइन किए 13 प्रस्तावों में आठ पर सैद्घांतिक स्वीकृति मिली है। कपकोट में 19 प्रस्ताव पर 12 में स्वीकृति प्राप्त हुई है। डीएफओ बीएस शाही ने बताया कि विभिन्न विभागों से मिले 116 प्रस्तावों में 112 ऑनलाइन किए गए हैं, 78 पर सैद्घांतिक और नौ पर विधिवत स्वीकृति मिल गई है।