बागेश्वर में बेरोजगारी को लेकर शंख, थाली, घंटी बजाते कांग्रेसी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई को लेकर शुक्रवार रात घरों में शंख, घंटी, थालियां बजाकर प्रदेश और केंद्र सरकार को चेताया। बेरोजगारी के खिलाफ बिगुल फूंकने का एलान किया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता रावल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज कोरंगा, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की रात 8 बजे से अपने-अपने घरों में शंख, घंटी, थालियां बजाकर विरोध जताया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रावल ने कहा कि भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। उसे राज्य के बेरोजगारों की परेशानी का आभास तक नहीं हो रहा है। कहा कि कोरोना महामारी के कारण हजारों लोग बेरोजगार होकर घर बैठ गए हैं। इसके बावजूद डबल इंजन की सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव इंदिरा जोशी ने कहा कि सरकार को हर मोर्चे पर घेरा जाएगा। रंजीत दास, बालकृष्ण, विनोद पाठक, भगवत रावल, भीम कुमार, गोविंद कठायत आदि ने अपने-अपने घरों से कार्यक्रम में भागीदारी की।