बागेश्वर। जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी कर्मी कल्याण कोष के नाम पर मानदेय से होने वाली 300 रुपये की मासिक कटौती के खिलाफ डीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन की जिला अध्यक्ष कमला दानू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कटौती को बंद कराने की मांग की है।
शनिवार को डीएम को दिए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने बताया कि कि पूर्व में 100 रुपये की कटौती इस उम्मीद में की गई थी कि सेवानिवृत्ति या मृत्यु पर एकमुश्त आर्थिक मदद मिलेगी। लेकिन कोष की स्थिति स्पष्ट नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार ने कोष में पांच साल तक तीन-तीन करोड़ रुपये डालने का वादा किया था। लेकिन सरकार ने केवल दो साल ही बजट डाला। यदि सरकार सेवानिवृत्ति पर बिना किसी शर्त के 10 लाख रुपये देने की गारंटी दे तभी 300 रुपये कटवाने को तैयार होंगे। उन्होंने मानदेय से हो रही कटौती को बंद कराने की मांग की है। इस मौके पर द्रौपदी देवी, कौशल्या देवी, प्रभा आर्या, नीमा गोस्वामी, चंपा खोलिया, प्रेमा जोशी आदि मौजूद रहे।