बागेश्वर/धरमघर। धरमघर में रामलीला मंचन जारी रहा। नवें दिन की लीला में अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति के प्रसंगों का मंचन किया गया। ठंड के बावजूद देर रात तक दर्शक रामलीला देखने डटे रहे।
विज्ञापन
शुक्रवार की रात की लीला का आगाज अंगद के लंका में प्रवेश से हुआ। अंगद-रावण संवाद, युद्ध की शुरूआत, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, लक्ष्मण शक्ति, हनुमान का सुषेन वैद्य को लाना, लक्ष्मण की मूर्छा दूर होना आदि का मंचन हुआ। अंगद की भूमिका में चंचल मेहता के अभिनय को खूब सराहना मिली। अन्य कलाकारों ने भी शानदार अभिनय से लोगों का मन मोहा। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने रामलीला का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि भगवान राम के रामराज का उदाहरण आज भी दिया जाता है। उनका जीवन हमें सत्य और धर्म की राह पर चलने की सीख देता है। इस मौके पर पूरन सिंह गढि़या, कुंदन रैखोला आदि मौजूद रहे।