एक मतदाता को जान से मारने की धमकी और अश्लील गाली गलौज करने वाला ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। कथित रूप से इस ऑडियो को बागेश्वर जिला पंचायत की मटेला सीट में हुए सदस्य पद के उप चुनाव का बताया जा रहा है। बातचीत के अनुसार यह ऑडियो मतदान से पहले का है।
मंगलवार को वाट्सएप में एक ऑडियो वायरल हुआ। इस ऑडियो को सुनकर हर कोई दंग रह गया। इसमें एक प्रत्याशी क्षेत्र के ही एक व्यक्ति को गांव से एक भी वोट पार्टी विशेष के पक्ष में पड़ने पर उसे जान से मारने और उसकी बेटी को घर से उठाने की धमकी देता सुना गया है।
ऑडियो में धमकाने वाला बार-बार उस व्यक्ति को उसकी बेटी का रेप करने की भी धमकी दे रहा है। धमकी देने वाला प्रत्याशी इस चुनाव में स्वयं के चार-पांच लाख रुपये खर्च होने की बात भी कह रहा है। लगभग 6.39 मिनट के इस ऑडियो में उसने वोट उसे नहीं मिलने पर गांव के ही दो और लोगों को भी देख लेने की धमकी दी है। इस ऑडियो के वायरल होते ही लोग धमकी और अश्लील गालियों को सुनकर हैरान रह गए। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।