भाजपा की परिवर्तन यात्रा का गागरीगोल, गरुड़, लौबांज कौसानी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य सतपाल महाराज ने कहा कि जनता के हित के लिए उत्तराखंड में सत्ता और व्यवस्था में परिवर्तन जरूरी है।
ऐतिहासिक गांधी चबूतरे पर हुई जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता महाराज ने कहा कि सीएम रावत राज्य की जनता को बरगलाने के सिवाय कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने राज्य का भला करने के बजाय अपने परिवार के सदस्यों, अपने पिछलग्गू, माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों का भला किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस से मुक्ति चाहती है। 2017 में भाजपा भारी बहुमत से सत्ता में आएगी। कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत देश के सबसे बड़े धोखेबाज सीएम हैं।
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड के विकास प्रति अथाह लगाव है। केंद्र की योजनाओं को लागू करने में सीएम हरीश रावत कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने कहा कि सीएम रावत भाजपा के विधायकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। क्षेत्र में विकास के लिए बजट नहीं दे रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलंवत सिंह भौर्याल, भाजपा के वरिष्ठ नेता दान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट, हीरा धपोला, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, सुबोध लाल साह, उमा बिष्ट, मंगल राणा, कैलाश पंत, गिरीश परिहार, घनश्याम जोशी, भुवन जोशी, किशन बोरा, दिगंबर नाथ गोस्वामी, घनराज दानू, बहादुर कोरंगा, इंद्र सिंह बिष्ट, मनोज ओली आदि ने विचार रखे। संचालन शिव सिंह बिष्ट ने किया।