बागेश्वर जिले में पोती की शादी का निमंत्रण कहने घर से गांव जा रही एक बुजुर्ग महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
कपकोट तहसील के गोगिना में बृहस्पतिवार शाम तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश के कारण बिजली की लाइन पर पेड़ गिर गया था। पेड़ पोल की सपोेर्टिंग वायर से लगा हुआ था। इस कारण गीली जमीन में करंट फैल गया। देर शाम गांव निवासी लीला देवी (62) पत्नी पत्नी स्व. खुशाल सिंह अपनी पोती की शादी का निमंत्रण कहने घर से निकली थी। पोल के पास से गुजरने के दौरान उन्हें करंट लग गया और उनकी मौत हो गई। लीला देवी का लड़का दिल्ली में नौकरी करता है। उनकी एक लड़की की शादी हो गई है।
यूपीसीएल के खिलाफ लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद लोगों में यूपीसीएल के खिलाफ आक्रोश है। उन्होंने यूपीसीएल की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मुआवजा देने के लिए कमेटी गठित
यूपीसीएल ने करंट से महिला की मौत के मामले में कमेटी बना दी है। कमेटी में ईई यूपीसीएल अल्मोड़ा, एई यूपीसीएल अल्मोड़ा और एई यूपीसीएल बागेश्वर को कमेटी में शामिल किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद महिला के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
संचार सुविधा नहीं होने से देर से मिली सूचना
गोगिना में संचार सुविधा नहीं होने से ग्रामीण पुलिस और यूपीसीएल को हादसे की सूचना देर से दे पाए। सूचना पाकर पुलिस और यूपीसीएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लंबे समय से यहां के लोग बदहाल संचार सेवा को ठीक करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला के परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। मामले की सूचना मिलते ही एई और जेई को मौके पर भेज दिया गया था।
- मो. अफजाल ईई यूपीसीएल बागेश्वर।