संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार जिले के सभी 36 हजार जनधन खातों में रकम आ गई है। महिलाओं के खाते में 500 रुपये तो बुजुर्ग और विधवाओं के खाते में एक हजार रुपये की रकम आई है। शुक्रवार को बैंकों में काफी कम भीड़ रही। सोशल डिस्टेंस का भी पालन किया गया। लीड बैंक से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 36 हजार जनधन खाते हैं। जिले में 57 राष्ट्रीकृत और निजी बैंकों की शाखाएं हैं। बताया गया है कि महिलाओं के जनधन खाते में 500 रुपये, बुजुर्ग और विधवाओं के खाते में 1000 रुपये की धनराशि सरकार की ओर से डाली गई है। किसान सम्मान निधि में पंजीकरण कराने वाले खाताधारकों के खाते में 2000 रुपये की रकम डाली गई है। लीड बैंक अधिकारी मनोहर सिंह पांगती ने बताया कि सभी खातों में रकम आ गई है। खाताधारक कभी भी उक्त रकम निकाल सकते हैं। इसके लिए तत्काल निकालने की कोई बाध्यता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी खाताधारक लॉकडाउन के नियमों का पालन करें। दोपहर एक बजे से तीन बजे का समय बैंकों के लिए निजी कामकाज के लिए दिया गया था लेकिन जिला मुख्यालय में लगभग सभी बैंक दोपहर एक बजे ही बंद हो गए थे।