बागेश्वर। गरुड़-ग्वालदम मोटर मार्ग पर बीनातोली के पास शनिवार देर रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात लगभग 10:30 बजे एक ऑल्टो कार गरुड़ से ग्वालदम की ओर जा रही थी। बीनातोली के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर ही पलट गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल बैजनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। हादसे में हरक पुरी 24 वर्ष पुत्र कुंदन पुरी, निवासी मजकोट के सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। मनोज गिरी 25 वर्ष पुत्र दयाल गिरी, निवासी मजकोट के कमर से नीचे चोट आई है। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। संवाद
.