बागेश्वर के बीडी पांडेय परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियाेगिता की विजेता टीम को ट्राफी प्रदान करत
बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में आयोजित दो दिनी अंतर महाविद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एसएसजे परिसर अल्मोड़ा ने बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर को 37 अंकों से हराया। विजेता और उपविजेता टीम को ट्राॅफी दी गई।
प्रतियोगिता में अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, बलुवाकोट, गरुड़, कपकोट, भिकियासैंण, देवीधुरा, दुगनाकुरी और लोहाघाट की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बागेश्वर और अल्मोड़ा की टीम के बीच भिडंत हुई। अल्मोड़ा ने 47-10 से मैच और प्रतियोगिता अपने नाम की। इससे पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में बागेश्वर ने पिथौरागढ़ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था और अल्मोड़ा की टीम ने भिकियासैंण को हराकर फाइनल मुकाबले में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के निर्णायक मनमोहन सिंह बसेड़ा, गणेश धपोला, गौरव उपाध्याय और प्रदीप जोशी रहे। परिसर निदेशक डॉ. जीवन सिंह गढ़िया, प्रभारी प्राचार्य डॉ. भगवती नेगी, क्रीड़ा प्रभारी सुंदर कुमार, डॉ. महावीर प्रसाद ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी दी। इस मौके पर डॉ. लक्ष्मण सिंह देव, डॉ. नरेश सिंह ग्वाल, धर्मेंद्र बोरा, डॉ. संजय कुमार, डॉ. नेहा भाकुनी आदि मौजूद रहे। संवाद