बागेश्वर। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान 18 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके तहत एक से 19 वर्ष तक के 55,700 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 55,700 गोलियां शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को आवंटित की हैं। अभियान में छूटने वाले बच्चों को 25 नवंबर को मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी।
ब्लॉक बागेश्वर में 27 हजार, गरुड़ में 14,200 और कपकोट में 14,500 गोलियां आवंटित की गई हैं। दवा सेवन के बाद किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए जिला चिकित्सालय, सीएचसी और पीएचसी में इमरजेंसी रिस्पांस टीमों का गठन किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने बताया कि सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को दवा खिलाई जाएगी। कृमि संक्रमण से बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, कमजोरी और शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संवाद