बागेश्वर के कलक्ट्रेट में अनशन में बैठा ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
जिला पूर्ति विभाग से खाद्यान्न के ढुलान का 64 लाख रुपये का भुगतान दिलाए जाने की मांग को लेकर वयोवृद्घ ठेकेदार ने अनशन शुरू कर दिया है। ठेकेदार का कहना है कि जब तक उसका भुगतान नहीं हो जाता, अनशन जारी रखेगा।
कपकोट के कर्मी गांव निवासी 86 वर्षीय पान सिंह कर्म्याल ने मंगलवार को जिला पूर्ति विभाग के परिसर में पहुंचकर अनशन शुरू कर दिया। पान सिंह ने कहा कि 1993 से 1999 तक उन्होंने हल्द्वानी से राशन लाकर वाहन, खच्चरों और मजदूरों के माध्यम से बदियाकोट और तराई के गोदामों तक पहुंचाया।
पूर्ति विभाग की ओर से इस ढुलान के लगभग 64 लाख रुपये आज तक उन्हें नहीं दिए गए हैं। भुगतान नहीं होने से वह कर्ज में डूब गए हैं। भुगतान के लिए कई बार विभाग के चक्कर काटने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पान सिंह का कहना है कि वह न्याय के लिए आखिरी सांस तक अनशन पर बैठेंगे और इस दौरान उन्हें कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बाद में पान सिंह ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर ढुलान का भुगतान दिलाए जाने की गुहार लगाई।