कपकोट में थाना भवन बनने के बाद भी किराए के ही भवन में चल रहा है। किराए के भवन में जगह कम होने से पुलिस कर्मियों को अपने कामकाज निपटाने में कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। नव निर्मित भवन का संयुक्त निरीक्षण न होना इसे पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने में रोड़ा बना हुआ है।
बता दें कि कपकोट का थाना भवन गत छह साल से किराए के भवन में चल रहा है। किराए के भवन में जगह कम होने से पुलिस कर्मियों को कई परेेेेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। विभिन्न मामलों के अपराधियों को थाने में बने अस्थाई हवालात में एक रात सुरक्षित रखने में पुलिस के पसीने छूट जाते हैं। भवनों की कमी के कारण अधिकतर पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को किराए के घरों में रहना पड़ रहा है। फरियादियों को भी इससे दिक्कतें हो रही है।
इसको देखते हुए नगर के कपकोट-उत्तरौड़ा सड़क के छेदी में थाने का नया भवन बनाया गया है। इस भवन को बने करीब एक साल हो गया है। जो अभी तक पुलिस को हस्तांतरित नहीं हो पाया है। क्षेत्र के लोगों ने कार्यदायी संस्था आरईएस से नव निर्मित भवन को शीघ्र पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने की मांग की है। थानाध्यक्ष एमएम जोशी ने बताया कि भवन का शीघ्र ही संयुक्त निरीक्षण होना है। इसके बाद ही हस्तांतरण की कार्रवाई की जाएगी।