गरुड़ (बागेश्वर)। जिले में तेंदुए के बाद भालू की दहशत भी बढ़ने लगी है। कांडा के बाद अब गरुड़ के गांवों में भी भालू दिखने की सूचना है। मजकोट गांव के ढुनकुड़ी में भालू की धमक के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। सूचना के बाद वन विभाग की टीम गांव में गश्त कर रही है।
मंगलवार की सुबह मजकोट के ग्रामीणों ने भालू को बच्चों के साथ क्षेत्र में विचरण करते हुए देखा। दिन के उजाले में भालू दिखने से लोग सहम गए। जंगल घास लेने जाने वाली महिलाएं भी घरों को लौट आईं। क्षेपं सदस्य देवकी देवी, ग्राम प्रधान आरती, ग्रामीण नवीन पुरी आदि ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुआ तो दिखता था लेकिन अब भालू की दस्तक भी हो गई है।
10 दिन पहले भी क्षेत्र के लोगों ने भालू को देखा था। एक बार फिर से भालू दिखने के बाद लोगों का डर बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस नई परेशानी से जल्द निजात दिलाने की मांग की है। रेंजर महेंद्र सिंह गुंसाई ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है।
गांव में एक ट्रैप कैमरा और एक एनाइडर उपकरण लगा दिया है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अब तक टीम को भालू की मौजूदगी नहीं दिखी है।