बागेश्वर। दीपावली के बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया है। धनतेरस से महालक्ष्मी पूजा के दिन तक बाजार में खूब चहल-पहल रही। लोगों की जमकर खरीदारी से इस साल कारोबार अच्छा रहा। अब व्यापारी भी त्योहार मना रहे हैं। नगर में जरूरी सामग्री की दुकानों को छोड़कर बाकी बंद रहीं।
बुधवार सुबह से सब्जी, किराना स्टोर, मिठाई और दवाइयाें की दुकानें खुलीं रहीं। त्योहार के चलते ग्रामीण क्षेत्रों से भी बाजार आने वालों की संख्या कम रही। कार्यालयों और स्कूलों में अवकाश का भी असर दिखा। दोपहर के समय नगर के दुग बाजार, चौक बाजार, खड़ी बाजार, माल रोड, एसबीआई तिराहा, तहसील रोड समेत सभी प्रमुख बाजारों में सुनसानी पसरी रही। शाम के समय लोगों के घरों से बाजार को निकलने से हल्की चहल-पहल दिखाई दी। हालांकि इस दौरान भी अधिकतर दुकानें बंद रहीं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बलवंत बबलू नेगी ने बताया कि महालक्ष्मी पूजा के दो दिन तक गोवर्धन पूजा और भाईदूज का त्योहार मनाया जाता है। दुकानों में काम करने वाले कर्मचारी भी अवकाश पर रहते हैं। हर साल इन दो दिनों में बाजार में चहल-पहल कम हो जाती है। भाईदूज के अगले दिन से बाजार में पहले की तरह चहल-पहल बढ़ जाएगी।
अल्मोड़ा के बाजारों में भी पसरा रहा सन्नाटा
अल्मोड़ा। नगर के अधिकतर बाजारों में बुधवार को सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में 80 फीसदी से अधिक दुकानें बंद रहीं। रोडवेज परिसर में बसें तो नजर आईं लेकिन यात्री गिने-चुने रहे। नगर में इस बार लोगों ने दो दिन दीपावली का त्योहार मनाया। इसका असर कारोबारियों से लेकर ग्राहकों तक में नजर आया। नगर के मुख्य लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार सहित सभी बाजार बंद रहे। चाय के होटल और सब्जियों की दुकानें खुली नजर आईं। इसके अलावा बाजारों में सन्नाटा दिखा। नगर के अधिकतर प्रमुख मार्गों पर भी यातायात का दबाव अन्य दिनों की उपेक्षा कम नजर आया। संवाद