जिला अस्पताल में भर्ती बीमार व्यक्ति।
- फोटो : amar ujala
दस दिन से अस्पताल परिसर के एक कोने में बीमार हालत में पड़े एक व्यक्ति को मीडिया कर्मियों की पहल पर जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया है। पुलिस ने भी बीमार व्यक्ति से पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन वह अपना नाम पता नहीं बता पा रहा है।
जिला अस्पताल परिसर के कोने में एक व्यक्ति पिछले 10 दिनों से बीमार हालत में पड़ा था। अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने और न ही किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी सुध ली। शनिवार को अपर स्वास्थ्य निदेशक के दौरे पर पहुंचे मीडिया कर्मियों की जब उस पर पड़ी तो इससे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अवगत कराया गया।
इसके बाद सीएमएस के निर्देश पर बीमार व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर बीमार व्यक्ति का नाम पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई जानकारी नहीं दे सका। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती किया गया व्यक्ति बेहद कमजोर हालत में है। पूछताछ करने पर वह अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है।