निरीक्षण करते अपर शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती।
- फोटो : अमर उजाला
मंडलीय अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) डॉ. मुकुल सती का बागेश्वर दौरा विवादों में घिर गया है। डॉ सती ने दावा किया है कि राबाइंका पुरड़ा में निरीक्षण के दौरान उन्हें बड़ी वित्तीय अनियमितता मिली है। कहा कि विद्यालय की प्रधानाचार्य ने खेल सामग्री की राशि से ट्रेक शूट खरीद लिए जो कि नियम विरुद्ध है। उन्होंने मामले में प्रधानाचार्य पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। एडी के इस दावे के उलट विद्यालय की प्रधानाचार्य व जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी का बयान बिल्कुल उलट है। दोनों ने कहा है कि खेल सामग्री की राशि का दुरुपयोग नहीं हुआ है। प्रधानाचार्य सावित्री साह ने निजी खर्च पर 12 छात्राओं को ट्रैक शूट खरीदकर दिए हैं।
अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ मुकुल सती ने बृहस्पतिवार को गरुड़ के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुरड़ा, राइंका गरुड़ और इंका गागरीगोल का निरीक्षण किया था। बागेश्वर पहुंचकर ईडी ने बताया कि राबाइंका पुरड़ा में औचक निरीक्षण में वित्तीय अनियमितता व नियम विरुद्ध कार्य करने का मामला पकड़ में आया है। पुरड़ा में खेल सामग्री खरीदने के लिए लगभग 26 हजार की राशि आवंटित की गई थी लेकिन विद्यालय की प्रधानाचार्य सावित्री साह ने खेल सामग्री की राशि से खिलाड़ियों के लिए ट्रैकशूट खरीद लिए, जो कि पूरी तरह नियम विरुद्ध है। इस राशि से ट्रैकशूट खरीदने का प्रावधान नहीं है। इस संबंध में पूरी आख्या तलब की है। साथ ही जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश दिए हैं कि वह आरोपी प्रधानाचार्य पर कार्रवाई करें।
इधर एडी के दावे को मुख्य शिक्षा अधिकारी और विद्यालय की प्रधानाचार्य सावित्री साह ने सिरे से नकार दिया है। बताया कि सरकारी धनराशि का कहीं भी दुरुपयोग नहीं हुआ है। प्रधानाचार्य ने निजी खर्च से 12 छात्राओं को ट्रैक शूट दिए हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस संबंध में एसएमसी ने भी प्रस्ताव पारित किया था।
खेल सामग्री की धनराशि से ट्रैक शूट खरीदने का आरोप गलत है। मैंने निजी खर्च से 12 छात्राओं को ट्रैक शूट प्रदान किए हैं। एक खिलाड़ी होने के नाते मैं खिलाड़ियों की परेशानी समझती हूं। यह स्कूल की संपत्ति है, जो भी खिलाड़ी खेलेंगे भविष्य में यह शूट उन्हें मिल जाएगी। सरकारी राशि का कहीं भी दुरुपयोग नहीं हुआ है। इस संबंध में तो एसएमसी ने भी प्रस्ताव पास किया था। यह सारी बातें मैंने निरीक्षण के दौरान भी एडी को बता दी थीं। वह मेरे जवाब से संतुष्ट भी थे। फिर बागेश्वर जाकर ऐसी खबर क्यों दी जा रही है मेरी समझ से परे है। - सावित्री साह, प्रधानाचार्य राबाइंका पुरड़ा
निरीक्षण में राबाइंका पुरड़ा में खेल सामग्री की राशि से ट्रैक शूट खरीदने का मामला एडी के संज्ञान में आया है। एडी कुमाऊं ने मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रधानाचार्य व स्कूल के शिक्षकों ने धनराशि मिलाकर बच्चों को ट्रैक शूट प्रदान किए हैं। - हरीश रावत, सीईओ बागेश्वर