बागेश्वर। शासन की ओर से अभी तक छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन पंडित बीडी पांडेय परिसर में चुनावों की गतिविधियां तेज हो गईं हैं। परिसर के भीतर और बाहर प्रत्याशियों के पोस्टर, बैनर चस्पा किए जा रहे हैं। दीवार लेखन से प्रचार होने लगा है। इसे देखते हुए परिसर प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने प्रत्याशियों को पोस्टर, बैनर हटवाने और दीवारों पर अंकित प्रचार सामग्री को मिटाने के निर्देश दिए हैं।
परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर एबीवीपी, एनएसयूआई और निर्दलीय प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। गले में भगवा, नीला और पीला गमछा डाल अन्य विद्यार्थियों के वोट अपनी ओर किए जाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। छात्र नेताओं के कुछ समर्थक परिसर में चुनावी पोस्टर चिपका रहे हैं, तो कुछ ने बहुउद्देशीय भवन के ऊपर ही प्रत्याशी का नाम लिख दिया है। इसे लेकर परिसर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। परिसर से संगठनों से जुड़े और स्वतंत्र रूप से प्रचार कर रहे प्रत्याशियों को नोटिस देना शुरू कर दिया है। परिसर के किसी भी कोने में पोस्टर चिपकाने, प्रत्याशी का नाम लिखने पर कार्रवाई करने की बात की जा रही है। शासन की ओर से चुनाव तिथि घोषित न होने तक छात्र-छात्राओं से नियमों का पालन करते हुए प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है। परिसर प्रशासन ने सभी दलों को पोस्टर हटाने और परिसर के भवनों पर लिखे गए प्रत्याशियों के नाम हटाने के निर्देश दिए हैं।
आईडी होने पर ही परिसर में कर सकेंगे प्रवेश
बागेश्वर। परिसर आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का आईडी कार्ड चैक किया जा रहा है। परिसर के गेट पर तीन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जो परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच कर रहे हैं। आईडी कार्ड होने पर ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
डॉ. गिरीश चंद्र साह, निदेशक, पंडित बीडी पांडेय परिसर, बागेश्वर ने बताया कि छात्रों को परिसर की ओर से नोटिस दिया जा रहा है। नोटिस के बाद भी पोस्टर और नाम न हटाने पर परिसर प्रशासन उक्त विद्यार्थियों पर कार्रवाई करेगा। नियमों का पालन करते हुए छात्र परिसर में प्रचार-प्रसार कर सकते हैं, जिससे अन्य विद्यार्थियों की भी पढ़ाई बाधित न हो।