गरुड़ (बागेश्वर)। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने लाहुरघाटी के आपदा प्रभावित गांव हड़बाड़ के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक साल बाद भी प्रभावित परिवार राहत और पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं।
सोमवार को पूर्व विधायक ने बताया कि चतुर सिंह के चार बेटों के मकान भूगर्भीय सर्वेक्षण के बावजूद ध्वस्त हो गए थे। प्रशासन ने मात्र चार लाख रुपये देकर इतिश्री कर ली। प्रभावितों ने कर्ज लेकर दोबारा मकान बनाए जो फिर खतरे की जद में आ गए हैं।
पूरन राम का परिवार एक वर्ष से आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल में रहने के लिए मजबूर है। फर्स्वाण ने सभी प्रभावितों के तत्काल सुरक्षित विस्थापन और पर्याप्त आर्थिक सहायता की मांग की।
इस दौरान ग्राम प्रधान मनोज होलरिया, रमेश सिंह और युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार आदि मौजूद रहे।