बागेश्वर। मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार मरीजों को गंभीर चोट नहीं आई है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह कन्यालीकोट निवासी राजेंद्र प्रसाद (54) पुत्र जोगा राम अपनी कार (यूूके 02 टीए 1656) में अपनी बेटी सपना (13), रीता (14) पुत्री गोपाल राम, काजल (16) पुत्री प्रताप राम, सपना (16) पुत्री दीवान राम और लक्ष्मी (17) पुत्री दयाल राम सभी निवासी कन्यालीकोट के साथ गौरीउडियार मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। मंदिर से लौटते समय बालीघाट के पास अचानक कार के आगे एक सांप आ गया।
बीच सड़क पर सांप को देखकर राजेंद्र प्रसाद हड़बड़ा गए और गाड़ी से नियंत्रण हट गया। कार हड़बाड़ सड़क से कपकोट मार्ग पर गिर गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना 112 को दी। लीडिंग फायरमैन गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर मैन अंजुल पांडेय, सोहन लाल, जगदीश सिंह, प्रकाश पंत और 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज कर रहे डॉ. डीपी शुक्ला ने बताया कि घायलों को गंभीर चोटें नहीं आई है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है, जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।