जिला अस्पताल के बर्न वार्ड का एसी पिछले लंबे समय से खराब पड़ा है। इसके चलते वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एसी दुरस्त ने करने से नाराज लोगों ने सीएमएस का घेराव किया।
जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में जले हुए मरीजों को भर्ती किया जाता है लेकिन इस वार्ड का एसी खराब पड़ा है। ऐसे में मरीजों को तमाम तकलीफें उठानी पड़ती हैं। एसी का सुधार न करने से नाराज पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप मेहता के नेतृत्व में लोगों ने सीएमएस का घेराव किया। घेराव करने वालों ने एसी का सुधार करने के साथ ही अस्पताल की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। सीएमएस डॉ. बीएस सामंत ने बताया कि एसी में कुछ दिन पूर्व ही खराबी आई थी। शीघ्र ही इसे ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समय एक पेशेंट बर्न वार्ड में भर्ती है। मरीज के अकेले बर्न वार्ड में रहने से मना करने पर उसे इस समय जनरल वार्ड में रखा है।
तारकोल से जले मजदूर की किसी ने नहीं ली सुध
बागेश्वर। एक माह पूर्व रीमा सड़क में डामरीकरण के दौरान तारकोट का ड्रम फटने से बुरी तरह से जला बिहार का 20 वर्ष का मजदूर मो. बाबुल जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती है। परंतु गंभीर बात यह है कि कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मजदूर को अस्पताल में भर्ती करने के बाद पलट कर देखा तक नहीं। युवक ने बताया कि उसके मां-बाप बेहद गरीब है। इसलिए यहां नहीं आ सकते हैं। सीएमएस डॉ. बीएस सामंत ने बताया कि पेशेंट की अस्पताल प्रशासन पूरी देखरेख कर रहा है। पेशेंट की हालत में 70 प्रतिशत तक सुधार हो चुका है।