एआरटीओ कार्यालय के इर्द-गिर्द घूम रहे दलालों को वहां से हटाने की मांग उठनी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी, वाहन स्वामियों ने डिप्टी कलक्टर से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने दलालों की हरकतों पर शीघ्र पाबंदी नहीं लगने पर आंदोलन शुरू करने की चेेतावनी दी है।
आम आदमी पार्टी कपकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी करम सिंह दानू के नेतृत्व में मंगलवार को जीप मालिक और चालक डिप्टी कलक्टर से मिले। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि एआरटीओ कार्यालय से काम करवाने के नाम पर दलाल वाहन चालकों और मालिकों का शोषण कर रहे हैं।
वाहनों के रजिस्ट्रेशन और फिटनेस संबंधी काम कराने के लिए विभाग के कुछ बाबू दलालों की सहायता लेने को मजबूर कर रहे हैं। यही बात लाइसेंस और रिनीवल के भी हैं। दलालों के फेर में पड़ना काफी महंगा पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में वाहन स्वामी और चालकों में प्रवीन सिंह, विवेक सिंह, लक्ष्मण सिंह, हयात सिंह, दयाल सिंह, हरीश राम, दुर्गा सिंह, हुकुम सिंह, दरवान सिंह, देवेंद्र सिंह, भगवत सिंह, नंदन सिंह आदि शामिल थे। डिप्टी कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।