कपकोट में आपदाग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण करते विधायक बलवंत सिंह भौर्याल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट (बागेश्वर)। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने पनौरा, शामा, लीती आदि गांवों समेत तमाम आपदाग्रस्त क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने लोगों की परेशानी को देखते हुए संबंधित विभागों से जल्द सड़कें खोलकर आवाजाही सुचारु करने को कहा। विधायक भौर्याल ने शनिवार को पनौरा, शामा, लीती, बड़ी पन्याली, भनार में बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों से तेज गति से कार्य करने को कहा। उन्होंने लोनिवि से शामा-रमाड़ी सड़क जल्द सुचारु करने को कहा। विधायक ने क्षेत्र में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त पेयजल और बिजली लाइन को संबंधित कर्मचारियों से जल्द मरम्मत करने को कहा। उन्होंने भारी वर्षा के कारण नुकसान झेल रहे किसानों और आपदा से मकान क्षतिग्रस्त होने का खतरा झेल रहे प्रभावितों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। भ्रमण के दौरान ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू, पूर्व प्रमुख मनोहर राम, लक्ष्मण देव, भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश सुरकाली, पनौरा उतरौड़ा के प्रधान दरपान सिंह, गिरीश जोशी, चंदन दानू, शामा के क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंदन सिंह, प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह, मान सिंह, विजय लोबियाल, प्रताप सिंह आदि थे।