बागेश्वर। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए चल रहे लॉकडाउन के दौरान जिले का एक युवक हल्द्वानी से डेढ़ सौ किलोमीटर पैदल चलकर कौसानी पहुंच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे होम क्वारंटीन कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सभा पाटली के कत्यूरी तोक निवासी अमित कुमार (24) पुत्र नरेश राम दिल्ली में नौकरी करता है। लॉकडाउन के बाद 25 मार्च को वह हल्द्वानी पहुंचा। तब से कालाढूंगी में रहने वाला दोस्त यहां रुका हुआ था। 22 अप्रैल को युवक ने पैदल कौसानी के लिए रवाना होने का फैसला लिया। दो दिन तक पैदल चलते हुए युवक बाईरोड भीमताल से होते हुए भवाली पहुंचा। वहां रुकने के बाद लोधिया, सोमेश्वर और थाने गांव से होते हुए युवक कौसानी पहुंच गया। यहां सरला अाश्रम में रुकने के बाद 24 अप्रैल को सुबह करीब दस बजे अपने गांव पाटली पहुंच गया। युवक के मुताबिक उसे लोधिया में पुलिसकर्मियों ने रोका और स्वास्थ्य जांच के बाद खाना भी खिलाया। युवक के बाहरी स्थान से गांव में पहुंचने की सूचना पाटली के ग्राम प्रधान शंकर लाल ने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कौसानी थाने में सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष गोबिंद बल्लभ भट्ट ने प्रशासन को सूचना दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ से स्वास्थ्य टीम बुलाकर युवक की जांच कराई गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक में सर्दी, जुकाम और खांसी जैसे लक्षण नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने युवक के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन पर भेज दिया है।