रानीखेत (अल्मोड़ा)। शनिवार दोपहर को ताड़ीखेत क्षेत्र में एक महिला को खेत में घास काटते समय सांप ने काट लिया। ग्राम पपना निवासी निर्मला रावत, पत्नी प्रताप सिंह रावत खेत में घास काट रही थी। तभी उन्हें अचानक एक सांप ने काट लिया।
जैसे ही शोर मचा, स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को तुरंत ताड़ीखेत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को सुरक्षित उपचार के लिए रानीखेत रेफर किया। परिजनों ने बताया कि महिला की स्थिति अब स्थिर है और सुधार की ओर बढ़ रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताड़ीखेत के चिकित्साधिकारी अंशुल सिरोही ने बताया कि सांप के काटने की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेना बेहद आवश्यक है, क्योंकि कुछ विषैले सांप गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि खेतों में काम करते समय लंबे जूते पहनें, सावधानी बरतें और घास काटते समय सतर्क रहें, ताकि ऐसे हादसे टाले जा सकें।
ग्रामीणों ने कहा कि घटना के समय साथियों और पड़ोसियों की तत्परता के कारण महिला को समय पर उपचार मिल सका। वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत तापस मिश्रा ने कहा कि खेतों में काम करने वाले लोगों को सांप के संभावित खतरे के प्रति हमेशा सतर्क रहना चाहिए। साथ ही प्राथमिक उपचार की जानकारी होनी चाहिए। ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते मदद मिल सके।