बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार शाम करीब सात बजे भागीरथी के पास एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को टक्कर मारकर अफरा-तफरी मचा दी। घटना के बाद मौके पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को नदीगांव से गिरफ्तार कर लिया है।
भागीरथी निवासी डॉ. रमेश कांडपाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे 31 जुलाई को अपने परिवार के साथ घर की ओर ओर जा रहे थे। इसी दौरान यूके-02-टीए-2823 नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उनकी ऑल्टो कार यूके-02-ए-0350 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अनियंत्रित कार यहीं नहीं रुकी, इसके बाद उसने कांडाधार के पास एक अन्य वाहन का शीशा तोड़ दिया। यूके-02-टीए-8033 नंबर की स्कूटी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक केशवलाल को नदीगांव से दबोच लिया और कोतवाली ले आए। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण करने के बाद एमवी एक्ट में गिरफ्तार किया है। संवाद