धनतेरस के मौके पर बागेश्वर में जमकर खरीदारी हुई। लोगों ने किचन के सामान से लेकर स्कूटर, मोटरसाइकिल तक खरीदे। बागेश्वर में शुक्रवार को एक करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।
शुक्रवार को सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। चौक बाजार में दिन भर खरीदारों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने मिठाइयां, नए बर्तन खरीदे। धनतेरस होने से नगर के तहसील रोड, कांडा रोड, कपकोट रोड, स्टेशन के बाजार दिन भर गुलजार रहे। आतिशबाजी की दुकानें सरयू बगड़, श्रीनौला के पास लगाई गई थीं। इन बाजारों में भी खूब रौनक रही। लोगों ने बिजली की लड़ियां भी खरीदी। चीन में बने उत्पादों के सामान के बहिष्कार के बीच विद्युत सजावटी सामान, लड़ियां, छिटपुट सामान की बिक्री भी होती रही। लोगों ने मिट्टी के दिए भी खरीदे। बाजारों में देर शाम तक खरीदारों की भीड़ जुटी रही। धनतेरस पर्व पर पूरे जिले में लगभग एक करोड़ के कारोबार का अनुमान है। शाम तक दोपहिया वाहनों की भी जमकर बिक्री हुई। जिले के तीन शोरूमों में लगभग 200 मोटरसाइकिल और स्कूटी की बिक्री हुई। युवकों में मोटरसाइकिल तो युवतियों में स्कूटी खरीदने का विशेष क्रेज देखा गया।
एटीएम जल्द हो गए खाली
बागेश्वर। बागेश्वर नगर में धनतेरस के मौके पर एटीएम में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। जनपद भर से खरीदारों के जिला मुख्यालय पहुंचने से कुछ एटीएम का पैसा दिन में ही समाप्त हो गया। इसके बाद दोबारा रुपए डाले गए। नगर के सभी एटीएम में देर शाम तक लोगों की कतारें लगी रही।