बागेश्वर। प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने, पढ़ने की आदत विकसित करने और भाषा ज्ञान को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले भर में 17 से 31 अगस्त तक बाल-मित्र पुस्तकालय संवर्धन पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। निपुण भारत मिशन के तहत आयोजित इस 15 दिवसीय अभियान में प्राथमिक विद्यालयों के पुस्तकालयों को आकर्षक रूप देने के साथ-साथ कई शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान के तहत विद्यालयों में स्थापित पुस्तक कोनों को अधिक आकर्षक और बाल-अनुकूल बनाया जाएगा। बच्चों के पठन कौशल को निखारने के लिए विशेष गतिविधियों के साथ कहानी और कविता वाचन का आयोजन होगा। इसके अलावा, व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए बाल मित्र पुस्तकालय प्रबंधन समितियों का गठन किया जाएगा, जिसमें अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
......कोट
निपुण भारत मिशन का मुख्य ध्येय बच्चों को बुनियादी साक्षरता में दक्ष बनाना है, जिसमें समृद्ध पुस्तकालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पखवाड़े के दौरान विद्यालयों में पठन कौशलों को बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियां, कहानी वाचन और बुक कोनों को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। हमारा प्रयास है कि हर बच्चा पुस्तकों से जुड़कर सीखने की प्रक्रिया का आनंद ले।
.......... डॉ. संदीप कुमार जोशी, जिला समन्वयक, निपुण भारत मिशन, डायट बागेश्वर
.......कोट
प्राथमिक विद्यालयों में पूर्व स्थापित पुस्तकालयों को सुदृढ़ करने के लिए यह पखवाड़ा शुरू किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य ग्रो-बाय मॉडल से पुस्तकालयों का कायाकल्प कर हर बच्चे तक ज्ञानवर्धक किताबों की सहज पहुंच बनाना है, ताकि जिले में एक मजबूत पठन संस्कृति की नींव रखी जा सके।
............कमलेश्वरी मेहता, प्रभारी प्राचार्य, डायट बागेश्वर